नाहन : जिला कांग्रेस भवन नाहन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अजय सोलंकी ने की। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अजय सोलंकी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने अपने विचारों, त्याग और संघर्ष से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की आजादी के आंदोलन को दिशा दी और दुनिया को शांति व मानवता का संदेश दिया।
वहीं, शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और नैतिकता के प्रतीक रहे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता को समान महत्व दिया।
उन्होंने कहा कि खाद्यान्न संकट के दौर में शास्त्री जी ने स्वयं उपवास रखकर देशवासियों को त्याग और अनुशासन का संदेश दिया। आज भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर है और दूसरे देशों की जरूरतों में भी सहयोग कर रहा है।
उन्होंने गांधी जी के स्वच्छता संदेश को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का संबंध व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ राष्ट्र के स्वास्थ्य से भी है।
राजनीतिक मुद्दों पर अजय सोलंकी ने केंद्र की भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि देश में कुछ ताकतें सामाजिक बिखराव पैदा करने में लगी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘देश बचाओ’ अभियान चला रहे हैं।
सोलंकी ने कहा कि संविधान की ताकत से टकराने वाली सोच ज्यादा समय तक नहीं टिक सकती। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा संविधान के खिलाफ उठने वाली ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से सामना कर रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद राकेश गर्ग, नरेंद्र तोमर, अनिल शर्मा उर्फ टीपू, मनीराम पुंडीर, कविता कंवर, बाबूराम सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
