नाहन : मोगीनंद स्थित फोनिक्स कंपनी के समीप भूस्खलन से कालाअंब-नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-07 का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करवाने के लिए पुलिस ने रात को मोर्चा संभाला।
गत देर रात डीएसपी नाहन शक्ति सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ जुड्डा का जोहड़ के समीप पहुंचे और नाका लगाकर यातायात व्यवस्था की निगरानी की।
जिला प्रशासन के आदेशों के तहत भूस्खलन से प्रभावित हाईवे के हिस्से से डबल एक्सल वाहनों, ट्रालों, टिप्परों और डंपरों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित है।
यह रोक लदे और खाली, दोनों तरह के वाहनों पर लागू है। ऐसे वाहनों को खिजराबाद (हरियाणा) के वैकल्पिक मार्ग से भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने रात के समय नाका लगाकर सुनिश्चित किया कि कोई भी प्रतिबंधित भारी वाहन प्रभावित सड़क से न गुजरे और प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन न हो।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ सड़क का हिस्सा भारी वाहनों की आवाजाही के लिए असुरक्षित है। ऐसे में सड़क को भारी वाहनों के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने तक प्रतिबंध जारी रहेंगे और इनका सख्ती से पालन करवाया जाएगा। जिला प्रशासन के आदेशों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों और आम जनता से अपील की कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

