नाहन : नेहली के समीप पहाड़ी से भारी चट्टान और मलबा सड़क पर गिरने से नाहन-रेणुकाजी मुख्य सड़क पर मंगलवार को करीब दो घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाद नेहली के पास पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान और मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे नाहन-रेणुकाजी सड़क अवरुद्ध हो गई। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची और सड़क से चट्टान तथा मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
मार्ग बंद रहने के दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों, निजी बसों, कारों, टैक्सियों तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। कई यात्रियों को सड़क खुलने का लंबा इंतजार करना पड़ा।
बता दें कि पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान नेहली के पास इसी जगह भारी भरकम चट्टानें आने से सड़क बार-बार बंद हुई थी। हालांकि, विभाग ने बाद में इस स्थान पर पहाड़ी में फंसी चट्टानों को निकाला था, लेकिन अब फिर से यहां चट्टानें गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है, जो खतरे से खाली नहीं है।
उधर, मंगलवार को रेणुकाजी, नौहराधार, हरिपुरधार, कालाअंब, पांवटा साहिब और जिले के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण ग्रामीण संपर्क मार्गों पर फिसलन बढ़ गई, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिलीप चौहान ने बताया कि नेहली धीड़ा के पास चट्टान और मलबा सड़क पर आने से आवाजाही प्रभावित रही। विभाग ने तुरंत सड़क को मशीनरी की मदद से बहाल किया। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विभाग की मशीनरी तैनात रखी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही सफर करने की अपील की।
