राजगढ़ : करीब 13 वर्ष पहले राजनीति में कदम रखने के दौरान मेरे लिए कांग्रेस का टिकट दिलवाने के लिए मुसाफिर सहित कई दिग्गज नेताओं ने वकालत की थी। इस छोटे से राजनैतिक सफर में अब मैं कांग्रेस का टिकट बांटने वाला बन गया हूं। यह बात हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष एवं श्री रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार ने राजगढ़ में पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
विनय कुमार ने कहा कि सिरमौर में डॉ. वाईएस परमार के बाद वह पार्टी में इस पद को प्राप्त करने वाले दूसरे व्यक्ति हैं, जबकि सिरमौर में कई धुरंधर कांग्रेस के नेता हैं, जो अपने निर्वाचन क्षेत्र से छह-सात बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं, लेकिन आज तक किसी को भी यह पद हासिल नहीं हो सका। हालांकि, इस बीच उन्होंने तुरंत ये भी कहा कि कोई कांग्रेसी नेता इस बात को अन्यथा न लें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद जब वह दिल्ली हाईकमान पहुंचे तो उन्होंने राहुल गांधी के सवाल पर कहा कि श्री रेणुकाजी कांग्रेस के मॉडल को पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से कार्यान्वित किया जाएगा। उनका मुख्य उदेश्य वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस को रिपीट करवाना है, जिसके लिए वह बूथ स्तर तक स्वयं जाकर समिति के कार्यों की समीक्षा करेंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कमेटियां कागजों तक सीमित न रहें। पार्टी में कार्यकर्ताओं को अधिमान दिया जाएगा।
विनय कुमार ने कहा कि ऑपरेशन लोटस के दौरान उन्हें भी भाजपा की ओर से कई प्रलोभन मिले, लेकिन मैंने अपने आदर्शों के साथ कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिला व ब्लॉक स्तर पर संगठन की ताजपोशी की जाएगी। इसके बाद राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश के 28 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विपक्ष के विधायक हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में सबसे पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करके कांग्रेस पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी मजबूत करने का आह्वान किया। इससे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने कहा कि पच्छाद में कांग्रेस के गढ़ को पहले की भांति एक बार फिर मजबूत करने के लिए पुरजोर कोशिश करेंगे, ताकि आगामी 2027 में पच्छाद में कांग्रेस का परचम दोबारा कायम हो सके।
पूर्व जिप अध्यक्षा दयाल प्यारी ने भी अपने विचार रखे। वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी देवेंद्र शास्त्री, विवेक शर्मा, दिनेश आर्य, प्रदीप सूर्या, शकुंतला प्रकाश, परीक्षा चौहान, उषा तोमर, आशा प्रकाश, नगर पंचायत अध्यक्षा ज्योति साहनी सहित भारी संख्या में पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहे।






