धर्मशाला : कांगड़ा जिले के करेरी क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की नाले में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शशांक आर्यन (24) निवासी राजा का तालाब, तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। वह पांवटा साहिब स्थित इंस्टीच्यूट ऑफ डेंटल साइंस में पढ़ाई करता था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार जोनल अस्पताल धर्मशाला से थाना को दूरभाष पर सूचना मिली कि करेरी से एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक पवन कुमार पुलिस टीम के साथ जोनल अस्पताल पहुंचे, जहां उसके साथियों के बयान दर्ज किए गए।
बयान में बताया गया कि 17 मई को शशांक आर्यन अपने साथियों के साथ विजय एडवेंचर संस्था के माध्यम से गाइड लेकर करेरी झील ट्रैक पर गया था। सभी ने रात करेरी लेक में बिताई और अगली सुबह करीब 10 बजे करेरी गांव की ओर लौटना शुरू किया। दोपहर करीब 12 बजे जब वे हाफ प्वाइंट करेरी के पास पहुंचे तो शशांक आर्यन ने नाले में नहाने की बात कही। साथियों ने उसे मना किया, लेकिन वह नहीं माना और नहाते समय पानी में डूब गया।
साथियों और गाइड ने उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला, लेकिन वह किसी से बातचीत नहीं कर रहा था। इसके बाद स्थानीय गाइडों की मदद से उसे जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के साथियों ने बयान में कहा कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की कोई गलती नहीं है और उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है। फिलहाल शव को जोनल अस्पताल धर्मशाला के शव गृह में सुरक्षित रखा गया है तथा आज पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी।