श्री रेणुकाजी : जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी क्षेत्र में रास्ते में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि डंडों से हमला करने पर युवक के हाथ की कलाई टूट गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना रेणुकाजी में विजेंद्र तोमर निवासी गांव बेडोन, डाकघर व तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 30 अप्रैल को वह अपने पिता को गांव छोऊ भोगर छोड़ने जा रहा था। घर में भतीजे की शादी होने के चलते वह पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
शिकायत में बताया गया कि रास्ते में लेखराज की गाड़ी खड़ी थी। जब उसने गाड़ी थोड़ा हटाने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि लेखराज ने अपने भाई को बुलाया और दोनों ने डंडों से मारपीट की। इस हमले में विजेंद्र के दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हो गया।
एसपी ने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना रेणुकाजी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाहन में मारपीट मामले में क्रॉस एफआईआर
नाहन : शहर में मारपीट के मामले में दो पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस थाना नाहन में महिला और बुजुर्ग की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पहले मामले में संगीता पत्नी रोहित निवासी अमरपुर मोहल्ला ने शिकायत दर्ज करवाई कि 17 मई की शाम वह अपने पति के साथ मंदिर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में मदन मोहन और उसके बेटे ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और लोगों के सामने बेइज्जती की।
शिकायत के अनुसार बहस बढ़ने पर मदन मोहन ने उसके पति को पीछे से पकड़ लिया और बेटे ने ईंट उठा ली। इस दौरान झगड़ा छुड़ाते समय मदन मोहन का पैर फिसल गया और वह मुंह के बल गिर गया। संगीता ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उनके घर के पास गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर मदन मोहन स्वामी निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नाहन ने भी पुलिस थाना नाहन में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अपने बेटे अमित के साथ फोटोस्टेट की दुकान पर गए थे, तभी रोहित और उसकी पत्नी संगीता ने रास्ते में रोककर मारपीट की और ईंट से हमला किया।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में रोहित ने 6 से 7 अन्य लोगों को बुला लिया, जिन्होंने मारपीट की। इस घटना में मदन मोहन को बाजू, नाक, माथे और दांत में चोटें आईं, जबकि उनके बेटे अमित को बाजू और कान के पीछे चोट लगी।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।