नाहन : हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं के सदस्य आर्यन सकलानी ने पटियाला में आयोजित नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप के शॉटगन ट्रैप इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। आर्यन जिला सिरमौर के माजरा के रहने वाले हैं।
क्लब के कोच एवं महासचिव सुरेश चौहान ने बताया कि आर्यन सकलानी ने क्वालिफाइंग राउंड में 25 टारगेट (बर्ड्स) में से 19 पर सटीक निशाना साधकर अपनी बेहतरीन स्किल, एकाग्रता और धैर्य का परिचय दिया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की की।
आर्यन की इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब ने उन्हें बधाई देते हुए उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। क्लब ने उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और जिला सिरमौर का नाम रोशन करेंगे।
क्लब ने आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए आर्यन को शुभकामनाएं भी दीं। आर्यन की यह सफलता जिला सिरमौर में उभर रही शूटिंग प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है और इससे अन्य युवा भी इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
