
पांवटा साहिब : जिला सिरमौर पुलिस की SIU टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब उपमंडल में दो अलग-अलग मामलों में कुल 12.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
पहले मामले के अनुसार SIU टीम रैनबैक्सी चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भूपपुर में एक पेंटर की दुकान के पास दो व्यक्ति चिट्टे के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद दोनों व्यक्तियों को काबू किया।
पूछताछ में उनकी पहचान कबीर सिंह निवासी दुगाणा और विपिन शर्मा निवासी गांव पाब, जिला सिरमौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 5.95 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दूसरे मामले में भी SIU टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। बद्रीपुर चौक पर गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तारुवाला में फॉरेस्ट ऑफिस के सामने एक व्यक्ति चिट्टा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मौजूद मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम सोहन लाल निवासी गांव फूलपुर, जिला सिरमौर बतलाया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में आगामी कार्रवाई में जुटी है।