नाहन : गांधी जयंती के अवसर पर जामली में आयोजित 7वें मनीष मेमोरियल टूर्नामेंट में नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की।
अजय सोलंकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और उनकी विभिन्न जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सोलंकी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
