होमHimachalSirmaurसिरमौर के इस गांव में 80 साल की महिला के शव को...

सिरमौर के इस गांव में 80 साल की महिला के शव को डंडे से बांधकर 6 KM कंधे पर ढोया, बंद सड़क ने खोली सिस्टम की पोल

इसका जीता-जागता उदाहरण धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत में देखने को मिला।

नाहन : जब विकास के दावे जमीनी हकीकत से टकराते हैं, तो उसकी तस्वीर कितनी दर्दनाक हो सकती है, इसका जीता-जागता उदाहरण धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत में देखने को मिला।

यहां बरसात के बीच करीब ढाई-तीन महीने से बंद पड़ी सड़क के कारण 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ‘परमा देवी’ के शव को उनके अपने ही गांव तक पहुंचाना एक अग्निपरीक्षा बन गया।

मजबूरी ऐसी कि परिजनों और ग्रामीणों को शव को डंडे से बांधना पड़ा और उबड़-खाबड़ रास्ते पर करीब छह किलोमीटर तक पैदल चलकर गांव पहुंचना पड़ा। इसके बाद ग्रामीण शव को श्मशानघाट ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार तिना गुलरवाला गांव की रहने वाली परमा देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शनिवार रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नाहन से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:  71 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में एक भी मुस्लिम नहीं, भड़की सोसाइटी, कांग्रेस नेतृत्व की कार्यशैली पर उठाए सवाल

इसके बाद परिजन शव को चंडीगढ़ से रामा धगेड़ा मुख्य सड़क तक वाहन में लेकर पहुंचे। उनके गांव तक जाने वाली सड़क बंद होने के कारण वाहन आगे ले जाना नामुमकिन था, लेकिन अपनों को अंतिम सफर तक पहुंचाने की तड़प में ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी।

ग्रामीणों ने शव को डंडे में बांधा और उसे कंधों के सहारे करीब छह किलोमीटर तक पैदल लेकर गांव पहुंचे। मृतका के बेटे रामेंद्र के साथ बीडीसी सदस्य एवं पूर्व पंचायत प्रधान वीरेंद्र सिंह ठाकुर, रोहित, अनिल, सुरेंद्र और पिंकू ने यह पूरा रास्ता तय किया। गांव पहुंचने के बाद शव को श्मशानघाट तक ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक करीब आठ किलोमीटर लंबी टीना गुलरवाला सड़क वर्ष 2014 में बनी थी। इसी दौरान तत्कालीन विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने सड़क का उद्घाटन किया था। यह सड़क रामा-धगेड़ा मुख्य मार्ग से तिना गुलरवाला सहित बेंदली, रोज काटली और आसपास के कई गांवों को जोड़ती है।

ये भी पढ़ें:  उद्योग मंत्री ने कांटी मशवा में 1.27 करोड़ से निर्मित PHC भवन का किया लोकार्पण, बोले- शिलाई में तेजी से मजबूत हो रही स्वास्थ्य सेवाएं

आगे यह मार्ग जलमूसा होते हुए कोलर के समीप कटासन मंदिर के पास पांवटा साहिब-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है।

बीडीसी सदस्य वीरेंद्र सिंह ठाकुर समेत ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने का खमियाजा सिर्फ मौत के बाद ही नहीं, बल्कि जीती-जागती जिंदगी में भी भुगतना पड़ रहा है।

बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना जंग जीतने जैसा है और किसानों की फसलें मंडियों तक न पहुंच पाने से बर्बाद हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क बंद होने से ग्रामीण आए दिन भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये सड़क अभी पंचायत के अधीन है। हर साल लोक निर्माण विभाग बंद सड़क को बहाल करता है, लेकिन इस बार अभी तक सड़क बंद है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में लगेंगे भर्ती शिविर, तिथियां तय, युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिली थी, लेकिन बरसात में सड़क बंद होने के बाद उन्हें फिर से कई किलोमीटर पैदल चलने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने इस सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को इसकी सुविधा मिल सके।

उधर, पंचायत प्रधान नरेंद्र ने माना कि सड़क बंद है। इस बारे विभाग को पहले ही अवगत करवा दिया है। सड़क को जल्द बहाल किया जाएगा।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More