HomeHimachalShimlaसुक्खू सरकार पर सांसद हर्ष महाजन का जुबानी हमला, बोले- जनादेश हाईजैक...

सुक्खू सरकार पर सांसद हर्ष महाजन का जुबानी हमला, बोले- जनादेश हाईजैक करने की हो रही कोशिश

भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्थानीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया है।

शिमला : भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्थानीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, जब नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव इतने लंबे समय तक लंबित रखे गए हैं। ऐसा नहीं है कि चुनाव नहीं हो सकते, बल्कि कांग्रेस सरकार उन्हें जानबूझकर नहीं होने दे रही है।

महाजन ने कहा कि जहां कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव तत्काल कराए जा रहे हैं, जबकि जिन निकायों में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, वहां चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर टाला जा रहा है। कांग्रेस सरकार का उद्देश्य जनता के जनादेश को स्वीकार करना नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से उसे हाईजैक करना है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में यमुनानगर के पर्यटकों की कार खाई में गिरी, 4 लोग थे सवार

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकार ने बार-बार नियमों में संशोधन किए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके। कभी आरक्षण व्यवस्था में बदलाव किए गए तो कभी नए-नए नोटिफिकेशन जारी कर चुनावी प्रक्रिया को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। हाल ही में किए गए संशोधनों से जिलाधीशों और एसडीएम को ऐसे अधिकार दिए गए हैं, जिनका दुरुपयोग राजनीतिक दबाव में किया जा सकता है और चुनावों को अनिश्चितकाल तक टालने की स्थिति पैदा हो सकती है।

सांसद ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके परिवारों को प्रताड़ित किया जा रहा है, झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और प्रशासनिक एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत खतरनाक प्रवृत्ति है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा, बाप-बेटे की मौत, तीन गंभीर घायल

उन्होंने प्रदेश के सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना संविधान, कानून और अपने विवेक के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार के नहीं, बल्कि संविधान के प्रति जवाबदेह हैं और उनकी कलम का उपयोग केवल न्याय, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली को लेकर जो बातें कही थीं, आज वे एक-एक कर सच साबित होती दिखाई दे रही हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार का वास्तविक चेहरा देख चुकी है।

ये भी पढ़ें:  112 पदों के लिए यहां 24-25 मार्च को होंगे कैंपस इंटरव्यू, 10वीं से लेकर MBA तक वालों के लिए सुनहरा चांस

कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनादेश के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता समय आने पर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More