कालाअंब : जिला सिरमौर के कालाअंब में एक फैक्ट्री में आग लगने के बाद जले हुए स्क्रैप को कथित तौर पर कबाड़ गोदामों में ले जाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर ट्रैक्टरों को रोककर कुछ लोगों की पहचान की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को थाना कालाअंब में माइक्रो मोशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, त्रिलोकपुर रोड, जोहड़ों, कालाअंब के प्रतिनिधि अनिरुद्ध अग्रवाल ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि 2 जुलाई को फैक्ट्री में हुए अग्निकांड के बाद जले हुए गत्ता रोल और अन्य स्क्रैप को खुले स्थान पर डंप करने का कार्य मोहित क्रेन सर्विस, कालाअंब को सौंपा गया था और यह कार्य दिन-रात जारी था।
शिकायत के अनुसार, कंपनी स्टाफ को संदेह हुआ कि कुछ अन्य ट्रैक्टर भी फैक्ट्री से स्क्रैप लेकर जा रहे हैं। पीछा करने पर ट्रैक्टर नंबर HR04K2090, HR04M6439 और HR04L0407 को रुचिरा के सामने कच्चे रास्ते पर कबाड़ गोदामों की ओर जाते हुए रोका गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टरों पर मौजूद व्यक्तियों की पहचान शिव कुमार, प्रमोद, पंकज और धीरज के रूप में हुई। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना कालाअंब में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
