चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा जिले के सेरी नड्डल गांव में पेश आया। मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र के गांव देवसल निवासी 34 वर्षीय जीवन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जीवन कुमार 6 जुलाई को अपने माता-पिता और पत्नी के साथ अपनी बहन पुष्पा देवी की बेटी की शादी में शामिल होने सेरी नड्डल गांव पहुंचे थे। 7 जुलाई को शादी की रस्में और विदाई पूरी होने के बाद पूरा परिवार घर पर मौजूद था।
शाम को जब जीवन कुमार के पिता केहर सिंह ने उन्हें फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सड़क किनारे घिसटने के निशान और एक चप्पल दिखाई देने पर परिजनों ने नीचे खाई में देखा। करीब 100 मीटर नीचे उतरने पर जीवन कुमार गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिला
परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले को हादसा मानते हुए जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है।