कुल्लू : रक्षाबंधन के दिन हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक बड़ा हादसा टल गया, जहां भेखली-ब्यासर सड़क पर HRTC बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते अनियंत्रित बस को पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। अगर बस खाई की ओर जाती तो हादसा भयावह हो सकता था।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। इनमें कई महिलाएं रक्षाबंधन के लिए अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही थीं, जबकि कुछ बहनें पर्व मनाकर वापस घर लौट रही थीं। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार HRTC की बस ब्यासर से कुल्लू की ओर आ रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भेखली-ब्यासर सड़क पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और बस को सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। टक्कर के बाद बस रुक गई और बड़ा हादसा होने से बच गया।
हादसे में 35 से अधिक यात्रियों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ढालपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें अधिकांश यात्रियों की हालत बेहतर बताई जा रही है। बस चालक को भी चोटें आई हैं। चालक का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद कुल्लू पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क के किनारे गहरी ढांक है। ऐसे में अगर चालक बस को नियंत्रित करने में सफल नहीं होता और बस ढांक की ओर चली जाती तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। चालक की सूझबूझ के कारण बस को समय रहते पहाड़ी से टकराकर रोक लिया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों के परिजन भी अपने-अपने परिवार के सदस्यों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।
