HomeHimachalहिमाचल में भारत-चीन सीमा क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान जोरदार धमाका,...

हिमाचल में भारत-चीन सीमा क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान जोरदार धमाका, एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे भारत-चीन सीमा क्षेत्र दुमती में जेसीबी से खुदाई के दौरान जमीन के अंदर एक जोरदार धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया।

किन्नौर : भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे दुमती (धूमती) के पास सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और सेना मामले की जांच कर रही है।

तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह के अनुसार दुमती के पास आरती सिविल कंस्ट्रक्शन फर्म की ओर से सीपीडब्ल्यूडी के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने के दौरान अचानक जमीन के अंदर जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें:  महामाया बालासुंदरी मंदिर में हवन यज्ञ और पूजा अर्चना के साथ चैत्र नवरात्र मेला शुरू, DC प्रियंका वर्मा ने किया शुभारंभ

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ लाया जा रहा था। इस दौरान हादसे में घायल कांगड़ा जिले के पालमपुर निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, बिहार के सारन जिला निवासी 23 वर्षीय भोला साह गंभीर रूप से घायल है और उसका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में उपचार चल रहा है।

पुलिस थाना रिकांगपिओ के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सहायक पुलिस अधीक्षक किन्नौर वरुण पटियाल ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्फोट कैसे हुआ, यह अभी जांच का विषय है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।

ये भी पढ़ें:  टीजीटी नॉन मेडिकल की छंटनी परीक्षा का परिणाम घोषित, 16 मार्च से होगी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस स्थान पर सड़क निर्माण के लिए खुदाई और चट्टान तोड़ने का कार्य चल रहा था, वह क्षेत्र सेना के फायरिंग रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। ऐसे में विस्फोट का वास्तविक कारण क्या था और निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सेना की ओर से भी घटना की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही विस्फोट के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें:  हरोली में प्रदेश के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण, उपमुख्यमंत्री ने HRTC के क्षेत्रीय कार्यालय का भी किया उद्घाटन
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More