रोहड़ू : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र का दौरा किया।
उन्होंने हाल ही में हुए भूस्खलन के कारण अवरुद्ध जांगलिक सड़क का निरीक्षण कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांगलिक सड़क को दस दिन के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बागवानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सरकार सड़क की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन जांगलिक पुल के कार्य को पूरा करने के लिए चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने थैंटवाड़ी गांव में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बनाने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुर्नबहाली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
तकलेच स्कूल को सीबीएसई करने की घोषणा
रामपुर : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लोगों ने लंबी कतारों में खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने तकलेच स्कूल को सीबीएसई के अंतर्गत लाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को सीबीएसई शिक्षा दिलवाने के लिए अभिभावकों को उन्हें शहरों में भेजना पड़ता था। इससे जहां गांवों से पलायन बढ़ता था, वहीं परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता था।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इससे गांवों से पलायन रोकने के साथ-साथ अभिभावकों के खर्च में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकलेच में नया बस स्टैंड बनाने के लिए सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर राज्य सरकार यहां बस स्टैंड का निर्माण करेगी। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों की मांगों पर विभिन्न सम्पर्क मार्गों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने तकलेच सीएचसी का निरीक्षण भी किया और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
