रामपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।
हादसा रामपुर-गौरा-मशनु सड़क पर पशाडा कैंची के समीप पेश आया, जहां एक ऑल्टो कार 800 कार अनियंत्रित होकर 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति गांव जिगोचा के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, गांव जिगोचा के पांच लोग सुंडा में धलोज कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ऑल्टो कार (HP-92A-0132) में सवार होकर घर लौट रहे थे। सोमवार तड़के संध कैंची के पास पशाडा में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान रामानंद (59), ओम प्रकाश (39) और हमेंद्र (37) तीनों निवासी गांव जिगोचा के रूप में हुई है।
वहीं, कार चालक राकेश कुमार (38) और रविंद्र कुमार (34) घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसएचओ रामपुर रमेश नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह उपप्रधान रचोली ने पुलिस थाना रामपुर में फोन कर दुर्घटना की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि वाहन के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
- ये भी पढ़ें : परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली दो लड़कियों ने खड्ड में लगाई छलांग, एक का शव बरामद, मचा हड़कंप
- ये भी पढ़ें : नालागढ़ में बाइक की तलाशी के दौरान मिला चिट्टा, पंजाब और सोलन के दो युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी




