बद्दी : जिला सोलन के बद्दी में छठ पूजा के दौरान मोबाइल फोन छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने कुल 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को प्रिंस ठाकुर निवासी गांव विष्णुपुर, जिला गया (बिहार), वर्तमान निवासी गुल्लरवाला, बद्दी ने पुलिस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 15 नवंबर को वर्धमान चौक के समीप बिहारी कॉलोनी की खड्ड में आयोजित छठ पूजा मेले में गया था।
पूजा के बाद जब वह मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन छीनकर साथियों के साथ फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बद्दी की टीम ने मामले में संलिप्त राज (23) निवासी जनता नगर, तहसील एवं थाना भटिंडा, जिला भटिंडा, पंजाब को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि मेले, भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में अपने मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
- ये भी पढ़ें : पांवटा साहिब में SIU की दबिश, दो अलग-अलग मामलों में चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए ये चार युवक
- ये भी पढ़ें : नशे के खिलाफ बद्दी पुलिस का बड़ा वार, स्पेशल सेल ने 138.38 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया ये शख्स




