HomeHimachalSolanराज्यपाल का युवाओं को बड़ा संदेश; नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें,...

राज्यपाल का युवाओं को बड़ा संदेश; नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, अवसर और समाधान के सृजनकर्ता बनें

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को सोलन जिले के बद्दी स्थित आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

सोलन : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को सोलन जिले के बद्दी स्थित आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने 402 स्नातक विद्यार्थियों, पदक विजेताओं, उनके अभिभावकों, शिक्षकों तथा विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक यात्रा का समापन नहीं, बल्कि जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है। उन्होंने स्नातकों से अपने जीवन की नींव ईमानदारी, अनुशासन, ज्ञान, चरित्र, आचरण और समाज के प्रति योगदान के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित करने का आहवान किया।

राज्यपाल ने विकसित भारत-2047 के विजन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ज्ञान, कौशल, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और चरित्र निर्माण पर भी केंद्रित होना चाहिए।

ये भी पढ़ें:  57.47 ग्राम चिट्टे के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, बद्दी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में की बड़ी कार्रवाई

उन्होंने विश्वविद्यालयों से युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि अवसरों और समाधानों के सृजनकर्ता के रूप में तैयार करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि एआई, डिजिटल प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक नवाचार में तेजी से हो रही प्रगति दुनिया में रोजगार और कार्य की प्रकृति को बदल रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी कौशल आवश्यक हैं, लेकिन गंभीर चिंतन, रचनात्मकता, सहानुभूति, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण बने रहेंगे।

उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के कल्याण और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी करने का आहवान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, नशामुक्त समाज और सामाजिक समरसता के लिए योगदान देने का आहवान किया।

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर में तीसरे चरण का चुनाव प्रचार थमा, 30 मई को 77 पंचायतों में होगी वोटिंग; शराब बिक्री और प्रचार पर सख्त पाबंदी

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएफएआई विश्वविद्यालय ज्ञान-आधारित और विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में निरंतर योगदान देता रहेगा।

राज्यपाल ने कहा कि ज्ञान जीवन को दिशा देता है, चरित्र व्यक्तित्व को ऊंचाई प्रदान करता है और सेवा जीवन को सार्थक बनाती है। उन्होंने सभी स्नातकों के उज्ज्वल, सफल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि उनकी उपलब्धियां हिमाचल प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देंगी।

इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. बी.एन. राज ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा स्नातकों को डिग्री प्रमाण-पत्र और रजत पदक प्रदान किए।

ये भी पढ़ें:  नशे के खिलाफ बद्दी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चिट्टे के बाद 11.660 किलो भुक्की पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केशव शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विधायक राम कुमार चौधरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More